सोलन : योगेश शर्मा – हिमाचल प्रदेश में बीते दिनों हुई भारी वर्षा के कारण करोड़ों का नुकसान देखने को मिला है । इसी कड़ी में नगर निगम सोलन को भी करीब 3.50 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है । निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार निगम को डंगों के बैठने , नालियों के क्षतिग्रस्त होने की वजह से यह नुकसान हुआ है ।
निगम के डिप्टी मेयर राजीव कौड़ा ने बताया कि जिस तरह से हिमाचल सरकार केंद्र सरकार की ओर राहत बजट को लेकर नजर लगाए हुए हैं उ, सी तर्ज पर नगर निगम सोलन भी प्रदेश सरकार की तरफ नजर लगाए हुए है । उन्होंने कहा कि हमे भी उम्मीद है कि प्रदेश सरकार द्वारा जल्द ही राहत बजट जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 3.50 करोड़ का नुकसान विभिन्न पार्षदों के द्वारा विभिन्न वार्डो में बताए गए नुकसान के बाद आंका गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को राहत प्रदान करने के लिए निगम लगातार कार्य कर रही है और जहां पर ज्यादा नुकसान देखने को मिला है, वहां पर टेंडर भी करवा कर कार्य शुरू करवाए गए हैं।राजीव कौड़ा ने बताया कि निगम को रिटेनिंग वॉल के गिरने, सड़कों के बहने और धंसने की वजह से अधिक नुकसान हुआ है । ऐसे में निगम इन सबको लेकर रिपोर्ट तैयार करके डायरेक्टर यूडी और डीसी सोलन को भी निगम सौंप चुकी है और उन्हें उम्मीद है कि सरकार उन्हें जल्द ही राहत बजट जारी करेगी ।
