सोलन : योगेश शर्मा -3 मई को सोलन के ठोडो मैदान में रोजगार मेला आयोजित होने जा रहा है । इसको लेकर पूरी तैयारियां रोजगार विभाग द्वारा कर ली गई है । रोजगार मेले का उद्घाटन प्रदेश के श्रम एवं रोजगार मंत्री और सोलन विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनीराम शांडिल करेंगे। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक यह रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा।
सोमवार को प्रेस वार्ता के दौरान जिला रोजगार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने बताया कि श्रम एवं रोज़गार विभाग द्वारा 3 मई को ज़िला सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में मेगा रोज़गार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोज़गार मेले में करीब 50 से ज्यादा नामी निजी कम्पनियां भाग ले रही हैं। इस मेगा रोज़गार मेले में युवाओं को व्यापक स्तर पर रोज़गार प्राप्त होगा। संदीप ठाकुर ने कहा कि योग्यता के अनुसार मेले में युवाओं को नौकरियां दी जाएगी । उन्होंने कहा कि इस रोजगार मेले में 2263 पद भरे जाएंगे।
संदीप ठाकुर ने कहा कि रोज़गार मेले में विभिन्न रिक्तियों के लिए शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, बी.एस.सी, एम.एस.सी, बी.फार्मा, डी.फार्मा, आई.टी.आई फिटर, इलेक्ट्रीशियन, टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक, वेलडर, ऑटोमोबाइल, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, बी.टैक, एम.टैक, इलैक्ट्रिकल कैमिकल, कम्प्यूटर सांइस, फुटवियर में डिप्लोमा व डिग्री निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि रोज़गार के लिए युवाओं की आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
