राहुल चावला, धर्मशाला: पैसे दोगुना होने के लालच में इन दिनों लोग लाखों करोड़ों रुपए की ठगी का शिकार हो रहे हैं। हैरान कर देने वाली बात तो यह है कि लोग इस लालच में इस कदर फंसते जा रहे हैं कि वह अपना लाखों रुपया किसी को देने से पहले सोच तक नहीं रहे हैं और जब उनका पैसा डूब रहा है तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का अहसास हो रहा हैं। इसी तरह का मामला कांगड़ा जिला में भी सामने आया हैं।
कांगड़ा में क्रिप्टो करंसी के नाम पर करोड़ी की ठगी का मामला सामने आया हैं। इस तरह की ठगी का शिकार हुए लोग अब एसपी कार्यालय धर्मशाला के चक्कर काटने लगे हैं और अपनी शिकायत दर्ज करवा कर जालसाजों से अपनी कमाई को वापस लाने की अपील भी पुलिस से कर रहे हैं। बीते कुछ दिनों से कई लोग एसपी कार्यालय में पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाकर शिकायत दर्ज करने की बार-बार अपील कर रहे हैं कि कैसे उनके साथ पैसा दोगुना करने के लिए पहले उन्हीं की जान पहचान के लोगों ने झांसे में लिया और उसके बाद फिर उन पैसों को अपने पास दबोच कर बैठ गए।
पैसा क्रिप्टो करंसी में इन्वेस्ट किया कि नहीं ये भी उन्हें जानकारी नहीं हैं। मगर अब जब वो अपना पैसे का मूल भी मांग रहे हैं तो वो अब देने से आनाकानी कर रहे हैं। पालमपुर के रहने वाले आदर्श शर्मा ने बताया कि पहले उन्होंने अपनी जान पहचान के आदमी को पहले 37 हजार दिया मगर जब उन्हें लगा कि पैसा दोगुना ही होना है तो क्यों न उससे भी ज्यादा की राशी लगाई जाए फिर उन्होंने चार लाख रुपया लगा दिया जो कि अब नहीं मिल रहा। वहीं दर्जी का काम करने वाले अजय कुमार भी कुछ इसी तरह से ठगी का शिकार हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने भी चालीस हजार रुपया क्रिप्टों करंसी में ये सोच कर लगा दिया कि डबल हो जाएगा। मगर अब जब उनसे अपने पैसे को मांग रहे हैं तो वो कहते हैं कि उनके साथ भी धोखा हो गया हैं। ऐसी स्थिति में अब उनके सामने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाने के सिवाय और कोई चारा नहीं रह गया हैं।
वहीं पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि हालांकि वो लोगों से बार बार यही अपील करते हैं कि वो इस तरह के ऑनलाइन या ऑफलाइन फ्रॉड के बहकावे में न आएं मगर लोग हैं कि मानने को तैयार ही नहीं हैं। ये मामला भी बहुत बड़ा हैं। करोड़ों तक का फर्जी लेनदेन हुआ हैं। पुलिस इस मामले की गहराई से तफ्तीश करेगी, और जल्द ही मुख्य किंगपिन तक पहुंचने का काम करेगी। मगर उससे पहले एक बार फिर से लोगों से अपील करना चाहेंगे कि इस तरह के फ्रॉड से उन्हें हमेशा बचना चाहिए।..
