सचिन शर्मा,केलांग(TSN): प्रदेश में आई आपदा के बाद से लगातार मुख्यमंत्री सहित कैबिनेट मंत्री प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान हर विधानसभा क्षेत्र के साथ ही हर जिला का दौरा किया जा रहा हैं। इसी कड़ी में हिमाचल के पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने भी शुक्रवार को लाहौल के तिंदी के दौर पहुंचें। यहां पहुंचने पर स्थानीय विधायक रवि ठाकुर ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने ग्रामीणों को भी संबोधित किया और कहा कि वे लाहौल स्पीति में विशेष तौर पर हाल ही में खराब मौसम के कारण हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए आए हैं। इसके साथ घाटी के लोगों की समस्याओं को भी इस दौरान वे जानने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वे विधायक रवि ठाकुर के साथ मिल कर प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री को लाहौल स्पीति के लोगों की दिक्कतों के बारे में शिमला पहुंचते ही बताएंगे और उनका जल्द से जल्द समाधान करवाएंगे।
मंत्री ने कहा कि उनका ये प्रयास है कि पंचायती राज विभाग को मजबूत किया जाए और जो भी योजनाएं सरकार की ओर से जनकल्यान के लिए चलाई गई हैं उनका लाभ सभी ग्रामीणों को मिल सके। उन्होंने कहा कि लाहौल स्पीति प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में शामिल है और सही मायने में यहां पर रहना खासकर सर्दियों में अपने आप में एक चुनौती हैं। उन्होंने कहा कि लाहौल स्पीति के लोगों की वे जितनी मदद हो सकेगी करेंगे और विधायक रवि ठाकुर की ओर से करवाए जा रहे लाहौल स्पीति के विकास में अपनी तरफ से भी पुरा सहयोग करेंगे।
तिंदी के बाद मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने उदयपुर में भी ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों व पंचायती राज के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक आयोजित की। इस अवसर पर विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि वे मंत्री अनिरुद्ध सिंह का लाहौल स्पीति पधारने पर स्वागत करते हैं और ये आशा करते हैं कि वे घाटी के ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करेंगे।
