सचिन शर्मा,केलांग: शनिवार को लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने लिंडूर गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव में लगातार हो रहे भूस्खलन वाले क्षेत्र का जायजा भी लिया। इस दौरान विधायक के साथ प्रशासनिक अधिकारियों का अमला भी मौजूद रहा। विधायक रवि ठाकुर ने ग्रामीणों को कहा कि जब उन्हें यह पता चला था कि लिंडूर गांव में जमीन धंस रही है तो उन्होंने तुरंत उपायुक्त लाहौल स्पीति को उक्त गांव का जायजा लेने के आदेश दिए थे। यही नहीं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को भी गांव पर नजर रखने और जल्द से जल्द इसका समाधान करने को कहा गया था।
उन्होंने कहा कि उक्त गांव की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने गांव में पहुंच हर क्षेत्र का जायजा ले लिया है और हिमाचल सरकार के समक्ष भी इस मामले को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वे ग्रामीणों को आश्वासत करते हैं कि वे ग्रामीणों के साथ हैं और उनकी हर तरह से मदद करने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि गांव के जिन क्षेत्रों में डंगे लगने हैं उनका कार्य तुरंत करने को भी प्रशासन को कहा गया हैं। इसके अलावा प्रशासन के उच्चाधिकारियों को ग्रामीणों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के भी निर्देश दे दिए गए हैं। विधायक रवि ठाकुर ने ग्रामीणों को कहा है कि किसी भी तरह कि कोई दिक्कत हो तो वे कभी भी दिन हो या रात उन्हें फोन कर सकते हैं।
