मंडी : धर्मवीर (TSN)- हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सामान्य विकास समिति की बैठक को सभी अधिकारी गंभीरता से लें और आगामी बैठक में सभी अधिकारी होमवर्क व पूरी तैयारी के साथ पहुंचे। यह निर्देश विकास समिति के सभापति व ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न ने मंडी आयोजित बैठक के दौरान दिए हैं। हिप्र विधानसभा की सामान्य विकास समिति की यह पहली बैठक थी, जो डीआरडीए सभागार में आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, शहरी विकास, हिमुडा, नगर एवं ग्राम नियोजन, परिवहन तथा पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यों पर चर्चा की गई।
बैठक में समिति सदस्य के रूप में मंडी के विधायक अनिल शर्मा, हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा और कुटलैहड़ के विधायक दविंद्र कुमार भुटो बैठक में उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने विकास परियोजनाओं को लेकर विभागों से सवाल जवाब एवं ब्योरा लेने के साथ साथ विकास कार्यों को गति देने को लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। इस मौके पर समिति ने मंडी में विभिन्न विभागों के विकासात्मक कार्यों व गतिविधियों की प्रगति और बीते 3 वर्षों के आय-व्यय अनुमानों का ब्योरा भी लिया। सभापति संजय रत्न ने लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग को विधायक प्राथमिकता की परियोजनाओं की वस्तुस्थिति का विस्तृत ब्यौरा सौंपने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को डीसी डिपॉजिट के कार्यों की मंडलवार जानकारी तथा धनराशि के अव्यय के कारणों सहित रिपोर्ट सौंपने को कहा। सभापति ने बैठक में कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति का गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को विधानसभा की किसी भी समिति की बैठक को पूरी गंभीरता से लें और साथ ही आगामी बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित रहने को कहा। बैठक में उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी, पुलिस अधीक्षक सौम्या सांबशिवन, अतिरिक्त उपायुक्त निवेदिता नेगी, अतिरिक्त जिलादंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, सभी एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
