संजु चौधरी, शिमला: राजधानी शिमला में साइकिल का रोमांच शुरू हो गया हैं । एमटीबी हिमालयन की ओर से शिमला के रिज मैदान से साइकिल रेस का आगाज किया गया हैं। पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस साइकलिंग रैली में 12 राज्यों के 81 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं,जिसमें 11 महिला साइक्लिस्ट भी शामिल हैं। इस साइकलिंग रेस का समापन भी रिज मैदान पर 23 अप्रैल को होगा।
दौड़ के लिए 130 किलोमीटर का ट्रैक रखा गया हैं। पहले दिन इसका रूट रिज से नवबहार, गर्वनर हाउस, ओक ओवर, खेल परिसर, रिज और भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान तक होगा। 22 अप्रैल काे सरोग, भेखलटी, कुफरी, मूलकोटी, सीपुर, मशोबरा, धल्ली, फेयरमा, फागू और मशोबरा तक की दूरी को राइडर पार करेंगे। तीसरे चरण का रूट 23 अप्रैल को फेयरमाउंट रिज, विधानसभा, चौड़ा मैदान, पोर्टल हिल समरहिल, फेयरमाउंट तक का सफर तय किया जाएगा।
साइकिल रेस में हिस्सा लेने लुधियाना से आई रुपाली ने कहा कि वह 2014 से साइकलिंग करती आई और पिछले 3 सालों से साइकिल रेस में भी हिस्सा ले रही और राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया हैं। एमटीबी साइकिल रेस में वह दूसरी बार हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने बताया कि पहाड़ों पर ज्यादा साइकिलिंग का अनुभव उन्हें नहीं है जिसके चलते यह रेस उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाली हैं।
वहीं जयपुर के प्रणाम पुरोहित का कहना है कि मैंने कई साइकिल रेस में हिस्सा लिया है लेकिन हिमाचल प्रदेश में पहली बार आए हैं और पहाड़ों पर साइकिल चलाना काफी मुश्किल रहता हैं और वे इसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवा नशे की आदि होते जा रहे हैं। ऐसे में साइकलिंग काफी महत्वपूर्ण हो सकती हैं। युवाओं को साइकलिंग के लिए आगे आना चाहिए।
पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर एमटीबी हिमालयन की ओर से यह प्रयास काफी अच्छा हैं। कई वर्षों से इस साइकिल रेस का आयोजन किया जा रहा है जिसमें क़ई राज्यों के प्रतिभागी हिस्सा लेते हैं। इस बार 12 राज्यों के 81 प्रतिभागी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलता हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर कार्य कर रहे हैं अन्य राज्यों की तर्ज पर शिमला में भी साइकलिंग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
