अरविंदर सिंह,हमीरपुर: नादौन विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन जल सिंचाई योजना को 31 मार्च तक पूरा किया जाएगा। इस योजना को तय समयावधि तक पूरा करने के निर्देश उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की ओर से जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं। यह निर्देश हमीरपुर जिले के दौरे पर आए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान जिला हमीरपुर में चल रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट लेने के बाद दिए।
उन्होंने बताया कि इस योजना को पूरा करने के लिए 10 करोड़ की राशि जल्द ही विभाग को मुहैया करवा दी जाएगी ताकि अप्रैल माह में मुख्यमंत्री इसका उद्घाटन कर सकें। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हमीरपुर जिला में जल जीवन मिशन के तहत अभी तक 50 फीसदी राशि ही खर्च की गई हैं जिसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को घर द्वार तक स्वच्छ जल की सुविधा मुहैया करवाई जा सके ।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि विभाग को नादौन विधानसभा क्षेत्र में बनने वाले मेडिकल कॉलेज भवन अस्पताल के लिए पानी की सुचारू व्यवस्था तैयार करवाने के निर्देश जारी किए गए। उन्होंने बताया कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र में एन डी पी स्कीम के तहत बनने वाली स्कीम की टेंडर प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया हैं। उक्त स्कीम के तहत पूर्व में 200 करोड़ की राशि का टेंडर लगाया गया था जबकि इसके लिए विभाग को 130 करोड़ की राशि ही स्वीकृत की गई थी।
उन्होंने बताया कि स्कीम के रूप में अब बदलाव किया गया है और इसे सतलुज नदी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके चलते लगभग 50 किलोमीटर का फर्क पड़ेगा और राशि भी कम खर्च होगी।
