नाहन/देवेन्द्र कुमार: पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण गुलरिया के समीप ढांग गिरने से कौंलावाला भूड़ सड़क मार्ग बाधित हो गया है। लोगों ने बताया कि पिछले कल भी कुछ समय के लिए यह रोड बंद हो गया था, परंतु आज अधिक भूस्खलन होने के कारण यह रास्ता अब पूरी तरह से यातायात के लिए बंद हो चुका है। हालांकि इस भूस्खलन से किसी भी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, परंतु भूस्खलन अधिक होने के कारण यहां लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आपको बता दें इस क्षेत्र से सैकड़ों की तादाद में रोजाना कर्मचारी और फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर इस मार्ग से सफर करते हैं जिनको रोड बंद होने की वजह से या तो नदी पार के अपने काम पर जाना पड़ा या फिर वापस घर लौटना पड़ा । हालांकि मलबा साफ करने के लिए यहां एक जेसीबी मशीन भी तैनात की गई है। परंतु लगातार भूस्खलन होने के चलते सड़क को यातायात के लिए खोला नहीं जा सका।
