भावना, शिमला: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शनिवार को हिमाचल दौरे पर आ रही है। शिमला के रामपुर में उनका कार्यक्रम होगा। कांग्रेस की ओर से स्मृति के इस दौरे का विरोध किया जाएगा और विरोध में प्रदेश भर में प्रदर्शन किए जाएंगे। इन प्रदर्शनों के दौरान कांग्रेस स्मृति ईरानी का उज्वला योजना के तहत मिले गैस सिलेंडरों को घरों से बाहर रख कर विरोध करेगी ओर रामपुर में उन्हें गैस सिलेंडर भी लौटाए जाएंगे।
वहीं आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षा प्रतिभा सिंह और कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने शिमला कांग्रेस कार्यालय में सिलेंडर को मालाएं पहना कर पूजा कर पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा ओर स्मृति ईरानी से शिमला आने से पहले गैस सिलेंडर के दाम 450 रुपए करने की नसीहत दी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में जब गैस सिलेंडर के दाम 420 रूपए था तो स्मृति ईरानी सड़को पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रही थी और आज गैस सिलेंडर के दाम 11 सौ पहुंच गया है और अब इस पर कोई बात नहीं कर रहे है। स्मृति ईरानी हिमाचल भी कई बार आती रही है ओर लोगों को प्रलोभन देती रही है। कांग्रेस उनसे यह पूछना चाहती है कि वह किस बात को लेकर हिमाचल दौरे पर आ रही है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कई बार आ चुके है, लेकिन उन्होंने हिमाचल को कुछ नहीं दिया जबकि महगांई, बेरोजगारी से लोग परेशान है। अब चुनाव आ रहे है और फिर से पीएम मोदी स्मृति ईरानी हिमाचल आ रही है और लोगों को प्रलोभन देने के साथ ही लोगों को गुमराह करने का काम करेंगी। देश में उज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर बांटे गए और हिमाचल में भी एक लाख 36 हजार लोगों को सिलेंडर दिए गए लेकिन अब लोगों ने सिलेंडर भरवाने बंद कर दिए है । इसका कांग्रेस विरोधी करेगी।
वहीं कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लंबा ने कहा कि देश भर में भाजपा उज्वला योजना का बखान कर रही है लेकिन आज महिलाओं ने सिलेंडर भरवाने बंद कर दिए है। हिमाचल में जहां एक लाख 36 हजार गैस कनेक्शन दिए गए थे वहीं अब केवल इस योजना के तहत 9415 गैस सिलेंडर ही भरवाए जा रहे है। ।
भाजपा ने उज्वला योजना के तहत महिलाओं को ठगा है। महिलाओं के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी हिमाचल आ रही है और हिमाचल आने से पहले पीएम मोदी से गैस के दाम कम करवा कर आए या फिर हिमाचल में महिलाओं से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि रामपुर में कांग्रेस गैस सिलेंडर उन्हें वापिस लौटाएगी ओर काले झंडे भी दिखाए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश भर में भी घरों के बाहर गैस सिलेंडर रख कर विरोध जताया जाएगा।
