Shimla,Sanju(TSN)-ठियोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक और एआईसीसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने “विकास संवाद” नामक कार्यक्रम की शुरुआत नारकंडा से की।इस पहल का उद्देश्य है– आम जनता, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर क्षेत्रीय विकास को गति देना।कार्यक्रम के दौरान आयोजित बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।विधायक राठौर ने अधिकारियों से क्षेत्र में जारी विकास कार्यों की जानकारी ली और समयबद्ध तरीके से उन्हें पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि पंचायत प्रतिनिधियों की सुझावों और फीडबैक को योजनाओं में सम्मिलित किया जाए।
दिशा निर्धारण का अवसर
विधायक राठौर ने अपने संबोधन में कहा कि यह संवाद केवल विचार-विमर्श नहीं,बल्कि विकास की दिशा तय करने का अवसर है।हमें मिलकर ठियोग-नारकंडा-कुमारसैन को हिमाचल का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाना है।उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आग्रह किया कि वे राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर जनसेवा को प्राथमिकता दें और मिलकर कार्य करें।
कुरपन खड्ड पेयजल योजना की समीक्षा
कार्यक्रम के बाद राठौर ने कुरपन खड्ड उठाऊ पेयजल योजना के अंतर्गत फिरनू टॉप टैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने इसे ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने को कहा।
जनसुनवाई में उठे ज़मीनी मुद्दे
इससे पूर्व नारकंडा विश्राम गृह में आयोजित जनसुनवाई सत्र में विधायक ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं।सत्र में लोगों ने पेयजल संकट,सड़क मरम्मत,स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि संबंधी समस्याओं को सामने रखा।विधायक ने संबंधित विभागों को मौके पर ही निर्देश देते हुए समाधान हेतु कार्य योजना बनाने को कहा।
