Shimla,Sanju(TSN)-प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन कटोच ने पार्टी नेतृत्व को स्पष्ट संदेश दिया है कि कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और महत्व दिए बिना कांग्रेस की सत्ता में वापसी मुश्किल है। कटोच ने कहा कि कांग्रेस तभी मजबूत होगी जब जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं की आवाज सुनी जाएगी और उन्हें निर्णयों में भागीदारी दी जाएगी।
राहुल गांधी के बयान पर जताई सहमति
पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन कटोच ने राहुल गांधी के हालिया बयान का समर्थन करते हुए कहा कि अक्सर देखा गया है कि विधायक बनने के बाद कुछ लोग संगठन को भूल जाते हैं,जिससे संगठन कमजोर होता है।”अगर कार्यकर्ता मजबूत हैं तो संगठन मजबूत होता हैऔर जब संगठन मजबूत होता है,तभी सरकार बनती है,” कटोच ने कहा।कटोच ने यह भी चिंता जताई कि जब अधिकारियों और चुने हुए प्रतिनिधियों द्वारा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाती है,तो उनका मनोबल गिरता है।उन्होंने आरोप लगाया कि आजकल राजनीति में ऐसे लोग विधायक और सांसद बन रहे हैं जिनका संगठन से कोई सरोकार नहीं होता।”धनबल की राजनीति बढ़ रही है और यह एक गंभीर चिंता का विषय है,खासकर हिमाचल जैसे राज्य में,” उन्होंने कहा।कटोच ने पार्टी से आह्वान किया कि वे उन कार्यकर्ताओं की मेहनत को पहचानें जो विपक्ष में रहते हुए भी पार्टी का झंडा बुलंद किए हुए हैं, तभी कांग्रेस की जड़ें फिर से मजबूत हो सकेंगी।
