नूरपुर /सजीव महाजन -:श्री बृजराज स्वामी मंदिर नूरपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शनिवार देर शाम धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। महोत्सव के दोनों दिनों में मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने श्री बृजराज स्वामी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।महोत्सव की अंतिम संध्या में फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
मुख्यातिथि भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। गीता में दिए गए उनके संदेश आज भी मानव जीवन के लिए बेहद प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है।उन्होंने कहा कि श्री बृजराज स्वामी मंदिर नूरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की गहरी आस्था का केंद्र है। यहां आयोजित राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए प्रशासन, मंदिर कमेटी, विभिन्न विभागों और स्थानीय लोगों की भूमिका की सराहना की।
स्टार नाइट में गूंजे बॉलीवुड गीत
महोत्सव की स्टार नाइट में बॉलीवुड गायक डॉ. गगन सिंह और अनुज शर्मा ने लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने भी रंगारंग कार्यक्रम पेश कर हिमाचली लोक संस्कृति की झलक दिखाई। एसडीएम अरुण शर्मा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।इस अवसर पर योगेश महाजन, एएसपी धर्मपाल वर्मा, तहसीलदार राधिका सैनी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संदेश डडवाल, नगर परिषद अध्यक्ष नीति महाजन, मंदिर कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
