नाहन (देवेन्द्र कुमार): आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का अग्रणी संगठन एनएसयूआई सोशल मीडिया को बीजेपी के खिलाफ हथियार बनाएगा । इसके लिए बकायदा एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में एनएसयूआई का इसका प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ।जिसमें राज्य व राष्ट्रीय स्तरीय एनएसयूआई नेताओं ने हिस्सा लिया। मीडिया से बात करते हुए एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष छत्रर सिंह ठाकुर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनएसयूआई की एक अहम भूमिका रहने वाली है और मुख्य रूप से केंद्र और प्रदेश सरकार की नाकामियों को एनएसयूआई आम लोगों के बीच पहुंचाएंगी।
छतर सिंह ठाकुर ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए एनएसयूआई कार्यकर्ता सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे जिसके लिए बकायदा हर जिला में 3 एंड्राइड मोबाइल एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को देने का निर्णय लिया गया है। सोशल मीडिया के जरिए बीजेपी के हर झूठ का पर्दाफाश एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा किया जाएगा। छतर सिंह ठाकुर प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई का कहना है कि चुनाव के समय में केंद्र और प्रदेश सरकार ने कई वायदे युवाओं से किए थे मगर एक भी वायदा पूरा नहीं हो पाया है और युवा आज अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष एनएसयूआई ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कोई भी नई भर्तियां सरकार नहीं कर पाई है।
भर्तियो के नाम पर युवाओं को ठगा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले ने देव भूमि को शर्मसार किया है, वहीं अधिकतर भर्तियां अभी भी कोर्ट में अटकी हुई है। सोशल मीडिया को चुनावी समय में हथियार बनाने के लिए पूरे हिमाचल प्रदेश में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित हो रहे हैं। जिसकी शुरुआत राजधानी शिमला से हुई है, देखना होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में इसका कितना असर देखने को मिलता है और कांग्रेस को इसका कितना लाभ मिल पाता है।
