संजीव महाजन, नूरपुर: भाजपा नेता रणवीर सिंह निक्का ने जब से भाजपा से दूरी बनाकर खुद के लिए लोगों का सहयोग मांगना शुरू किया हुआ है तबसे दिन प्रतिदिन लोग उनके साथ जुड रहे है। इसी मद्देनजर रविवार को भडवार पंचायत में उन्होंने जन अभियान का आयोजन किया।
निक्का ने कहा कि नूरपुर की बूढ़ी हो चुकी राजनीतिक व्यवस्था को अब परिवर्तन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एक कांग्रेस परिवार को जनता कई बार विधायक बना कर मौका दे चुकी है जबकि भाजपा के एक नेता भी 3 बार विधायक बन चुके है। लगभग 3 दशकों से नूरपुर की राजनीति दो राजनीतिक घरानों के इर्द गिर्द घूम रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि इन परिवारों को छोड़ कर किसी तीसरे चेहरे को मौका दिया जाए। उन्होंने कहा कि परिवर्तन प्रकृति का नियम है, अतः नूरपुर की राजनीति में भी इस बार परिवर्तन लाना होगा।
जनता 5 साल का विधायक चुनती है लेकिन काम अंतिम साल शुरू होते है। निक्का ने कहा कि यदि नूरपुर को बदलना है तो परिवर्तन करना होगा। निक्का ने कहा कि जनता 5 साल के लिए विधायक चुनती है जबकि पिछले 3 दशकों से यही देखा गया है कि जनप्रतिनिधि अंतिम वर्ष घोषणाओं, उद्घाटनों व शिलानयसों का पिटारा लेकर जनता को मूर्ख बनाने आ जाते है। उन्होंने कहा कि यदि विधायक का कार्यकाल 5 साल का होता है तो जनता को सिर्फ चुनावी वर्ष ही क्यों मिलता है। उन्होंने कहा कि 4 सालों का हिसाब कौन देगा।
