केलांग (मनमिन्दर अरोड़ा): जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ग्राम्फु के पास एक तेल का टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं और एक व्यक्ति लापता है। इस टैंकर में पांच लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार तेल का टैंकर रोहतांग पास होते हुए कोखसर-केलांग की ओर जा रहा था कि इस दौरान जैसे ही टैंकर जेके 02 बीटी 6345 ग्रामफू के समीप पहुंचा तो वह अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा।
हादसे की सtचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी और पुलिस ने रैस्क्यू दल के साथ मौके पर पहुंचकर चार घायलों को खाई से बाहर निकाला, जबकि एक व्यक्ति इसमें लापता है, जिसकी तलाश चल रही है। पुलिस के अनुसार हादसे में घायल चारों व्यक्तियों को सिसू अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया।
एसपी लाहौल स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में राजेंद्र रॉकी (25)वर्ष पुत्र धन बहादुर निवासी नेपाल, सुशील रोके (22) वर्ष पुत्र धन बहादुर निवासी नेपाल, रामबहादुर खड़का (51) वर्ष पुत्र नूर बहादुर निवासी नेपाल, राम बहादुर खड़का (20)वर्ष पुत्र खड़क बहादुर निवासी नेपाल को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
