शिमला: हिमाचल प्रदेश में घूमने आए पंजाब के कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री राणा गुरजीत की गाड़ी के साथ हादसा हो गया। जिससे सड़क हादसे में वह बाल-बाल बचे। बता दें कि उनकी गाड़ी सड़क से लुढ़कने के बाद नीचे पेड़ से अटक गई नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत यह रही कि विधायक समेत सभी लोग सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक बुधवार को कपूरथला से कांग्रेस के विधायक एवं पूर्व मंत्री राणा गुरजीत सिंह सोलन जिले के प्रसिद्ध टूरिस्ट स्पॉट चायल गए थे। एक कच्चे रास्ते पर उनकी गाड़ी खाई की तरफ चली गई और एक पेड़ से जाकर अटक गई। इस घटना के बारे में न तो पुलिस चौकी चायल को कोई सूचना मिली और न ही पुलिस थाना कंडाघाट में इस बारे में कोई शिकायत दर्ज करवाई गई।
