विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में शुक्रवार को बैसाखी के दिन श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ा। भारी संख्या में हिमाचल सहित साथ लगते पड़ोसी राज्य पंजाब से श्रद्धालु यहां चिंतपूर्णी में माता रानी के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की डबल लाइन लुधियाना धर्मशाला से आगे तक पहुंच गई। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं ने लाइनों में लगकर माता रानी के दर्शन करने के लिए 2 से 3 घंटे का इंतजार भी किया।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की बेहतर सुविधा के लिए पुराना बस स्टैंड से लेकर होटल संतोष तक टेंट लगाए हुए थे परंतु श्रद्धालुओं की लाइन लुधियाना धर्मशाला तक चली गई जिसके कारण श्रद्धालुओं को धूप में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। वहीं मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं को पीने के पानी की उचित व्यवस्था की गई थी। मंदिर न्यास चिंतपूर्णी की लिफ्ट बंद रहने के कारण लिफ्ट वाली साइड सन्नाटा रहा हालांकि कुछ स्थानों पर श्रद्धालुओं की लाइनों में दूसरे लोगों की घुसने की शिकायतें आती रही और कई जगह झड़प भी हुई। होमगार्ड के जवान व्यवस्था बनाने में जुटे रहे परंतु भारी भीड़ के आगे होमगार्ड के जवान भी बेबस दिखे।
मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह ने बताया कि सुबह के समय थोड़ी व्यवस्था में कमी आई थी जिसके कारण परेशानी हुई खुद मौके पर खड़े रहकर व्यवस्था को सुदृढ़ किया और श्रद्धालुओं को लाइनों में दर्शन करने के लिए भेजा। दोपहर 2 बजे तक 15 हज़ार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में दर्शन करने के लिए तीनों दर्शन पर्ची काउंटर से दर्शन पर्ची ली थी। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि श्रद्धालुओं का यहां आंकड़ा 20 हज़ार के करीब करीब पहुंचेगा।
