पालमपुर: चौधरी श्रवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान महाविद्यालय के कीट विज्ञान विभाग में सोमवार को कीट विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता -2022 का आयोजन किया गया। आयोजन में कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर, डॉक्टर यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी सोलन और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार की नौ टीमों ने भाग लिया। इस आयोजन में सुरेश महला (एमएससी एंटोमोलॉजी), प्रकाश कुमार (एमएससी एंटोमोलॉजी) और पालमपुर के शाश्वत सूद (बीएससी कृषि अंतिम वर्ष) की टीम ने पहला स्थान हासिल किया।
दूसरा स्थान डॉ.वाईएसपी यूएचएफ सोलन की टीम ने हासिल किया जिसमें आदर्श शर्मा (एमएससी एंटोमोलॉजी), खुशबू (एमएससी एंटोमोलॉजी) और प्रियंका रानी (पीएचडी एंटोमोलॉजी) शामिल रही। तीसरा स्थान सीसीएस एचएयू हिसार से सनी मंजू (एमएससी एंटोमोलॉजी), गीता देवी (एमएससी एंटोमोलॉजी) और विशेष यादव (एमएससी एंटोमोलॉजी) ने हासिल किया।
विभाग के प्रमुख डॉ.आरएस चंदेल ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य कीड़ों के महत्व को सामने लाना था। प्रश्नोत्तरी में डॉ. सुखदेव शर्मा समन्वयक और डॉ सुरजीत कुमार, डॉ पीसी शर्मा और डॉ. सुमन संजता सह-समन्वयक रहे। कृषि विज्ञान महाविद्यालय के डीन डॉ. डी.के. वत्स और डीन, स्नातकोत्तर शिक्षा डाक्टर सुरेश गौतम ने इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई दी।
