चंबा (मंजूर पठान): डलहौजी छावनी के बनीखेत स्थित टोल टैक्स बैरियर पर अब हिमाचल पंजीकृत वाहनों से टोल टैक्स की वसूली पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। डलहौज़ी छावनी परिषद ने इसके आदेश जारी किए है। इन आदेशों को आम आदमी पार्टी ने अपने प्रयासों की सफलता बताया है। आम आदमी पार्टी प्रदेश पर्यटन प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष मनीष सरीन ने इस कृत्य को आम आदमी पार्टी की डलहौज़ी इकाई के निरंतर प्रयासों का नतीजा बताया।
सरीन ने बताया की आम आदमी पार्टी की डलहौज़ी इकाई ने बनीखेत टोल टैक्स बैरियर के सन्दर्भ में जनवरी 2022 में आरटीआई आवेदन के माध्यम से सारी जानकारी प्राप्त कर ली थी। प्राप्त आर.टी.आई आवेदन के जवाब में बनीखेत टोल टैक्स बैरियर की स्थापना व कार्य पद्धति से संबंधित कई अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद आम आदमी पार्टी की डलहौज़ी इकाई ने 1 फरवरी 2022 को तत्कालीन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को बनीखेत टोल टैक्स बैरियर की अनियमितताओं से अवगत करवाया ओर बैरियर को हटवाने हेतु एक ज्ञापन सौंपा।
मनीष ने बताया कि ज्ञापन की प्रतियां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व महामहिम राज्यपाल हिमाचल प्रदेश राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को भी भेजीं गईं थी। उपरोक्त कार्यालयों से आम आदमी पार्टी डलहौज़ी इकाई को सकारात्मक उत्तर भी प्राप्त हुए जिनके तहत बनीखेत टोल टैक्स बैरियर पर जून 2022 तक कार्रवाई होने की संभावना सामने आई थी। सरीन ने आम आदमी पार्टी डलहौज़ी इकाई के जनहित संबंधित अनुरोध पर सकारात्मक कार्रवाई के लिए रक्षा मंत्रालय का धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सदैव जनता से जुड़े मुद्दों पे संघर्षरत रहती है अथवा इस बार के विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की जनता एक मौका आम आदमी पार्टी को दे।
