पांवटा साहिब/ देवेन्द्र कुमार – बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी ने आज पुरूवाला कांशीपुर में 75 लाख की लागत से निर्मित होने वाले पंचायत घर का विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नाबार्ड के तहत 135 करोड़ के कार्य पांवटा विधान सभा में किए जाने हैं जिसमें से अभी तक 80 करोड़ की योजनाएं स्वीकृत करवा दी गई हैं तथा अन्य योजनाएं स्वीकृति हेतु भेजी गई हैं। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र के लिए नाबार्ड की राशि से गाटापत्थर से झिंयूर बस्ती तक 2 करोड़ 61 लाख की लागत से सड़क का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि नाबार्ड के तहत संतोषगढ़ से फतेहपुर तक 8 करोड़ 30 लाख की स्वीकृति व अमरगढ़ से जोहड़ों, क्यारदा-जगतपुर-माजरा सडक निर्माण के लिए 5 करोड़ 37 लाख की स्वीकृति प्राप्त हो गई है, जिस पर शीघ्र कार्य आरंभ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बद्रीपुर से जामनीवाला गुलाबगढ, परदुनी रोड के जीर्णाेद्धार के लिए 32 करोड़ 65 लाख तथा कीरतपुर से टोका पुल के लिए 10 करोड़ व बल्लू वाला से कुंडियो पुल के लिए 19 करोड़ 50 लाख की राशि नाबार्ड के अन्तर्गत स्वीकृति हेतु भेजी गई है जोकि शीघ्र ही प्राप्त हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूर्व में पांवटा विधानसभा क्षेत्र में केवल एक विद्युत सब स्टेशन था परंतु वर्तमान सरकार के कार्यकाल में उनके द्वारा तीन नए सब स्टेशन खोले गए जिनमें से पुरुवाला सब स्टेशन की अधिसूचना भी हो चुकी है और शीघ्र ही इन्हें क्रियाशील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सब स्टेशन के स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को धौलाकुंआ जाने की आवश्यकता नहीं पडेगी जिससे उनके समय और धन की बचत होगी।
