चंबा, मंजूर पठान-:चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे एक बार फिर भूस्खलन की चपेट में आ गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। जानकारी के अनुसार, बत्ती हटटी से आगे कमनाला पुल के समीप भारी लैंडस्लाइड होने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है।
हाईवे बंद होने के कारण हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। हालात इतने खराब हैं कि स्थानीय निवासी और यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर रावी नदी पार करने को मजबूर हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही भरमौर के विधायक जनक राज मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि बार-बार इस तरह की घटनाएं होना और समय पर सड़क बहाल न होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।विधायक ने कहा कि क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग या व्यवस्थाओं की कमी के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द हाईवे बहाल करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
