मंडी :धर्मवीर(TSN)-जोगिंदर नगर उपमंडल के सिविल अस्पताल में इन दिनों स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह से चरमरा गई है। आलम यह है कि जोगिंदरनगर अस्पताल में उपचार कराने आये मरीजों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। हाड कंपा देने वाली सर्दी में मरीज खिड़कियों के टूटे हुए शीशे के बीच बिना हीटर के ठिठुरने को मजबूर हैं। जबकि नियमानुसार सर्दी के मौसम में हर वार्ड में हीटर होना जरूरी है। अस्पताल की ओर से मरीजों को जो कंबल दिए गए हैं, वह सर्दी में राहत देने की स्थिति में नहीं है। मजबूरन मरीजों को घर से अलग से रजाई- कंबल की व्यवस्था करनी पड़ रही है। अस्पताल में लापरवाही इस कदर हावी है कि मरीजों को कंबल भी तत्काल उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।
शौचालयों के दरवाजे से लेकर नल,सीट,गीजर सब पड़ा है खराब
अस्पताल में उपचाराधीन गैंगरीन के मरीज दान सिंह ने बताया कि वह बीते रोज से सिविल हॉस्पिटल जोगिंदरनगर में भर्ती हैं। सिविल अस्पताल जोगिंदरनगर की हालत इतनी खस्ता है कि अस्पताल के शौचालय में दरवाजे तक नहीं है। महिला शौचालय में ताला लटका हुआ है,इंग्लिश सीट का अस्पताल में नाम तक नहीं है। पानी के नल हर समय टप-टप करते रहते हैं जो अभी बंद नहीं होते। बाथरूम में लगा गीजर काम नहीं कर रहा है,जबकि इतनी सर्दी में ठंडा पानी छूने से भी डर लगता है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में एक तरफ मरीज उपचार के लिए पहुंचता है,लेकिन यहां स्वास्थ्य सुविधाएं ना के बराबर है।वहीं इस बारे में जब अस्पताल के एसएमओ रोशन लाल कौंडल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि यह अस्पताल काफी पुराना है और इसमें इंग्लिश सीट शौचालय नहीं बनाया गया है। अस्पताल के मेंटिनेंस के लिए बजट न होने से मरीजों को पिछले कुछ समय से परेशानियां झेलनी पड़ रही थी। अब जाकर मेंटेनेंस के लिए बजट की व्यवस्था की गयी है,जल्द ही मेंटेनेंस शुरू कर दी जाएगी। ताकि मरीजों को आने वाले समय में मरीजों को अस्पताल में बेहतर सुविधा मिल सके।
