राहुल चावला , कांगड़ा: कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए पवन काजल को बीजेपी की ओर से कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। पवन काजल को टिकट मिलने के बाद उन्होंने आज एक निजी होटल में पहुंचकर समर्थकों सहित तहसील चौक से मंदिर बाजार होते हुए श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा पहुंच दर्शन किए व उसके बाद पत्रकार वार्ता को भी संबोधित किया।
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से किसी उम्मीदवार को चुनाव की टिकट मिलने के बाद कांगड़ा में यह उनका पहला सफर रहा। उनके इस सफर में समर्थकों ने उनका भरपूर साथ दिया। इस दौरान वह राह में पड़ने वाली दुकानों में मौजूद लोगों से मिले। उन्होंने हाई कमान व सीएम जयराम ठाकुर का उनको टिकट दिलवाने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह हाई कमान, सीएम जयराम व लोगों की उम्मीदों पर वह पूरी तरह खरा उतरेंगे व बीजेपी पार्टी को जीत दिलाकर कांगड़ा के विकास में तेजी लाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस दिन वह नामांकन भरने जाएंगे उनका पूरा प्रयास रहेगा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इस दौरान उनके साथ रहे। यदि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर किसी कारण अपने कार्य में व्यस्त रहते हैं तो भी वह नामांकन भरने अपने समर्थकों के साथ भरपूर जोश के साथ जाएंगे।
पवन काजल के नामांकन भरने जाने के दौरान भारी संख्या में उनके समर्थक उनके साथ मौजूद रहेंगे। उनके साथ भाजपा मंडल की ओर से सतप्रकाश सोनी, रमेश चंद महेशी, नरेंद्र त्रेहन, निगम त्रिवेदी, जसप्रीत सोनू, रेखा चौधरी समेत कईं सदस्य भारी संख्या में मौजूद रहे।
