संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और उम्मीदवारों ने नामांकन भरना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह ढोल नगाड़ों के साथ नामांकन भरने के लिए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीण एसडीएम के समक्ष अपना नामांकन भरा। इससे पहले विधानसभा से लेकर डीसी ऑफिस तक रैली का आयोजन किया जिसमें शिमला ग्रामीण विधानसभा के हजारों लोग शामिल हुए।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्होंने दूसरी बार शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन भरा है। काफी तादात में लोग यहां पहुंचे है ओर अब क्षेत्र में जा कर जीत के लिए कार्य करेंगे। वहीं उन्होंने कहा कि पिछले 5 सालों के दौरान एक सौ करोड़ रुपए के विकास कार्य उन्होंने किए हैं।
उन्होंने भाजपा को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और इस क्षेत्र का जैसे विकास के लिए सहयोग मिलना चाहिए था वो नहीं मिला है। डिग्री कॉलेज की आनन फानन में घोषणा की गई लेकिन बजट का प्रावधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की सरकार बनते ही शिमला ग्रामीण विधानसभा को आदर्श विधानसभा बनाने के साथ 5000 युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। इसके अलावा कांग्रेस ने जो दस गारंटी दी है उसे पूरा किया जाएगा ओर निश्चित रूप से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी ओर शिमला ग्रामीण में विकास कार्यों को तेजी मिलेगी।
