अनिल कुमार,किन्नौर: प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा करने के बाद से ही क़ई विधानसभा क्षेत्रों से बगावत के सुर बुलंद हो गए हैं। यहां तक कि प्रत्याशियों ने आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की घोषणा भी कर दी है तो वहीं किन्नौर विधानसभा क्षेत्र से तेजवंत सिंह नेगी ने शुक्रवार को आजाद उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन भी दर्ज कर दिया है। किन्नौर के हजारों समर्थको ने उनकी रैली व नामांकन में भाग लिया।
इस दौरान पूर्व विधायक किन्नौर तेजवंत नेगी के समर्थकों ने मोदी तुझसे बैर नहीं सूरत तेरी खैर नहीं के नारेबाज़ी भी की है। इस विरोध और बगावत का पीछे की वजह है कि किन्नौर के पूर्व विधायक को भाजपा से विधानसभा चुनावों का टिकट नहीं दिया गया हैं जिस पर उन्होंने संगठन से नाराज़गी जताते हुए आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक किन्नौर तेजवंत सिंह नेगी ने कहा कि आज उन्होंने आजाद उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दर्ज किया है और अब वे चुनाव प्रचार में जुट जाएंगे ताकि उन्हें जिला से जीत मिल सके। उन्होंने कहा कि उन्हें भाजपा संगठन ने विधानसभा चुनावों के लिए टिकट नहीं दिया है, ऐसे में वे भाजपा संगठन के विषय में कुछ नहीं कहेंगे। उन्होंने कहा कि जो हुआ वह अब वापिस नहीं हो सकता है, लेकिन वे अब चुनावी मैदान में जिला के अहम मुद्दे जिसमें प्रस्तावित जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण हेतू विरोध कर रहे नो मीन्स नो अभियान के साथ है और जिला में जलविद्युत परियोजनाओं की स्थापना नहीं होनी चाहिए जिसके लिए वे हमेशा जिला की जनता के साथ खडे रहेंगे।
उन्होंने कहा कि वह जिला में नोतोड़ व एफआरए की समस्या पर भी लगातार आवाज उठाते रहे है और अब वे आजाद उम्मीदवार के तौर पर कहना चाहते है कि जो भी जिला में जलविद्युत परियोजनाओं के प्रस्ताव को स्थगित करने का निर्णय लेगा वे उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला में उन्हें भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर भी हजारों की संख्या में लोगों ने उनका चुनाव लड़ने के लिए समर्थन किया है जो उनके लिए आशीर्वाद है। जिला की जनता व उनके समर्थकों के कहने पर ही वे इस विधानसभा चुनाव को लड़ने क़ा काम करेंगे।
