संजीव महाजन, नूरपुर: प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच जहां हर एक पार्टी जनता का मत पाने के लिए अलग-अलग तरह की गारंटी दे रही है। वहीं कुछ जगहों पर हालात ऐसे भी है कि वहां सरकार की गारंटियों की जरूरत लोगों को नहीं बल्कि सड़क और एंबुलेंस मार्ग की है जिससे वह बीमार व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचा सके।
यही हाल विधान सभा नूरपुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खैरिया वार्ड नंबर 3 के निवासियों का भी है। इन लोगों ने गांव में सड़क की सुविधा ना मिलने के चलते चुनावों का बहिष्कार करने का फैसला किया है। ग्राम पंचायत खैरिया बटनियाल के निवासियों ने एकत्र होकर अपनी सड़क की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। ग्रामीणों का साफ कहना है कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के बाद भी हम कंधों पर बुजुर्गों ओर बीमारों को ले जाने पर मजबूर है।
लोगों ने आरोप लगाया है कि वह कई बार सरकार व प्रशासन से सड़क की मांग रख चुके है, मगर आज भी हमारे बच्चे बरसात में स्कूल नहीं जा सकते है। मीडिया से रूबरू होते हुए लोगों ने साफ तौर पर प्रशासन व सरकार से मांग रखी है कि चुनाव से पहले यदि एंबुलेंस गाड़ी का मार्ग नहीं बनता है तो यहां से चुनावों की पेटी खाली जाएगी। हमारा संपूर्ण गांव चुनावों का बहिष्कार करेगा।
