Chintpurni, Vikas-चिंतपूर्णी थाना प्रभारी जयराम शर्मा ने मंगलवार को बाबा श्री माईदास सदन में टैक्सी यूनियन के चालकों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने को लेकर कई जरूरी निर्देश दिए गए।
बैठक में एएसआई महिंदर सोनी, ट्रैफिक इंचार्ज दीपक राणा, एएसआई राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार, सुरेंद्र खन्ना, यूनियन प्रधान नरेंद्र ठाकुर समेत कई टैक्सी चालक उपस्थित रहे।
लॉग बुक और पैसेंजर लिस्ट बनाना अनिवार्य
थाना प्रभारी ने निर्देश दिए कि सभी टैक्सी चालक अपनी गाड़ियों में लॉग बुक और पैसेंजर लिस्ट अनिवार्य रूप से तैयार करें। इससे अवैध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशे के खिलाफ संयुक्त मोर्चा
“नशे को मात देंगे एक साथ” अभियान के तहत पुलिस ने टैक्सी चालकों से नशा तस्करों की पहचान और जानकारी साझा करने में सहयोग मांगा। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
यातायात नियमों का पालन जरूरी
थाना प्रभारी ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की अपील की और माता-पिता को चेताया कि नाबालिगों को वाहन न चलाने दें। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान
23 से 30 जून तक पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें शराब पीकर गाड़ी चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए ड्राइविंग और सीट बेल्ट न पहनने पर चालान काटे जाएंगे। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की।
