मंडी,धर्मवीर (TSN)-पश्चिम बंगाल के कोलकाता में डयूटी पर तैनात युवा महिला डॉक्टर के साथ हुए गैं*ग रे*प के बाद मर्डर की घटना के विरोध में आज जनवादी महिला समिति, डीवाईएफआई और एसएफआई ने संयुक्त रूप से मंडी शहर के सेरी चाणनी परिसर में धरना प्रदर्शन किया और पश्चिम बंगाल सरकार व वहां के प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
न्याय न मिलने की सूरत में सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
डीवाईएफआई के राज्य अध्यक्ष सुरेश सरवाल ने कहा कि युवा डॉक्टर का शव अस्पताल की तीसरी मंजिल में सेमिनार हाल में अर्ध*न*ग्न व खून से लथपथ अवस्था में मिला था। शरीर पर दस जगहों पर चोट के निशान होने की पुष्टि पोस्टमार्टम में हुई है। इस पर भी मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल डॉक्टर संदीप घोष महिला डॉक्टर को सेमिनार हाल में ऊपर जाने को गैर जिम्मेदाराना बता कर पहले आत्मह*त्या बताने मे लगे रहे और पुलिस भी मामले को छुपाने व दबाने में लगी रही। ऐसा ज्ञात हुआ है कि यह दुष्कर्म तृणमूल कांग्रेस के नेता के बेटे ने अन्य लोगों के साथ मिलकर किया है। सरवाल ने कहा कि महिला समिति, युवा व छात्र संगठनों की मांग है कि वास्तविक अपराधियों को शीघ्रातिशीघ्र पकड़ कर कडी से कडी सजा दी जाए। मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल को व पुलिस कमीशनर विनीत गोयल को भी तुरंत प्रभाव से बर्खास्त किया जाए। राज्य में डॉक्टरों की विशेषकर महिला डाक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य मंत्री व मुख्यमंत्री नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें।इस अवसर पर महिला समिति की अध्यक्ष वीना वैद्य, सुनीता बिष्ट, रीता, भावना, पूनम, डीवाईएफआई के अंकुर, भुपेंद्र, सीटू से राजेश शर्मा, प्रवीण, मनीराम और एस.एफ.आई से दीपक व सन्नी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
