राहुल चावला , धर्मशाला:हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में प्री मॉनसून के पहुंचते ही मूसलाधार बारिश का सिलसिला भी शुरू हो गया हैं। रविवार को दोपहर बाद जिला कांगड़ा के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। इस मूसलाधार बारिश के होने के कारण जिला के लोगों को भी कही ना कहीं तपती गर्मी से राहत मिली हैं। वहीं अगर बात बीते कुछ दिनों पहले की कि जाए तो गर्मी से लोगों का बुरा हाल था। तापमान भी दोपहर के समय लगभग 32 डिग्री के आस पास पहुंच जा रहा था लेकिन इस मूसलाधार बारिश के होने से लोगों को इस बढ़ती गर्मी से राहत मिली है और मौसम भी खुशनुमा हो गया हैं।
मौसम विभाग ने भी 20 जून तक प्री मॉनसून का हिमाचल में पहुंचने का अनुमान लगाया था। अब प्री मॉनसून हिमाचल प्रदेश में पहुंच गया है और बारिश का सिलसिला भी शुरू हो गया हैं। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में यलो अलर्ट भी घोषित किया था। मौसम विभाग के अनुसार अभी 4 दिनों तक मौसम इसी तरह से खराब बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने व हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ मुसलाधार बारिश होने का अनुमान भी लगाया गया हैं।
जिला कांगड़ा के उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने भी बरसात के आने से पहले सभी विभागों के साथ बैठक कर सभी तैयारियों का जायजा भी ले लिया हैं। इसी के साथ उपायुक्त ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर भी रहने के निर्देश जारी किए हैं। वही लोक निर्माण विभाग को भी अपनी मशीनरी के साथ तैयार रहने को कहा गया है ताकि अगर जिला कांगड़ा के किसी भी क्षेत्र में भूस्खलन या कोई मार्ग अवरुद्ध होता है तो समय रहते काम को शुरू किया जा सके।
