संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में 14वीं विधानसभा के लिए कल शनिवार को मतदान होगा। चुनावों को लेकर सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई है। वहीं इस बार मतदान प्रतिशतता को बढ़ाने को लेकर कई तरह के जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए गए हैं, जिससे कि मतदाताओं को जागरूक किया जा सके और अधिक से अधिक संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों में पहुंचकर अपने मत का प्रयोग करें।
वहीं इस बार कबायली क्षेत्रों में बर्फबारी की बीच मतदान होगा। मुख्य चुनाव अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि इन क्षेत्रों सहित प्रदेश भर में तैयारियां पूरी कर ली गई है और प्रदेश भर मे चल रहे मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के तहत आज विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि हिमाचल में इन चुनावों में मतदान प्रतिशत को बढ़ाया जाए । युवा मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। वहीं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए एक बड़ी संख्या में बैलेट वोट करवाए गए हैं ।
मनीष गर्ग ने बताया कि हिमाचल के ऊंचे क्षेत्रों में जहां बर्फबारी हुई है वहां के लिए भी मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार शांतिपूर्ण ढंग से मतदान होगा और लोग मतदान में अपनी भागीदारी बढ़ाएंगे। मनीष गर्ग ने बताया कि हिमाचल में चुनाव को एक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है और इसके लिए मतदाताओं में विशेषकर नए मतदाताओं में एक उत्साह बना हुआ है जिसके चलते कल मतदान में मतदाता बढ़-चढ़कर भाग लेंगे ।
इस अवसर पर राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में मतदाता जागरूकता के लिए एक रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलवाई गई। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने मतदाता जागरूकता के लिए एक रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।
