अनिल कुमार,किन्नौर: किन्नौर जिला के कल्पा और निचार विकासखंड में मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने को लेकर शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वीप गतिविधि के तहत प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन आज जिला किन्नौर के कल्पा विकास खंड ओर शनिवार को निचार विकास खंड में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करेगा।
इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने जिला किन्नौर में 12 नवंबर को होने वाले चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपायुक्त सभागार में मतदाता शपथ भी दिलाई, ताकि वे मतदान प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कार्यालयाध्यक्षों से कर्मचारियों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने का भी आग्रह किया है। इस दौरान सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार गौतम, परियोजना अधिकारी आई.टी.डी.पी लक्षमण कनेट सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं रिटर्निंग अधिकारी एवं उप मंडल अधिकारी (ना.) कल्पा डाॅ. मेजर शशांक गुप्ता ने भी अपने कार्यालय में निर्वाचन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई। इस अवसर पर रिटर्निंग अधिकारी एवं उप मंडल अधिकारी (ना.) कल्पा डाॅ. मेजर शशांक गुप्ता सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
