विकास शर्मा,चिंतपूर्णी:हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के विश्वविख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में 22 मार्च से लेकर 30 मार्च तक आयोजित होने वाले चैत्र नवरात्रि मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शनिवार को इन तैयारियों को लेकर बाबा श्री माई दास सदन में बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने की। बैठक में एसडीएम अंब विवेक महाजन ,मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह, वित्त एवं लेखाधिकारी शमी राज व अन्य सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मेले में कैसी व्यवस्था रहेगी इसके बारे में सुझाव लेकर फैसला किया गया। वहीं एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा 22 मार्च से लेकर 30 मार्च तक चैत्र नवरात्रि मेले का आयोजन होगा इस अवधि में मुख्य रूप से लंगर लगाने को लेकर कुछ नियमों में बदलाव किए गए हैं। सड़क के आमने-सामने दोनों तरफ लंगर लगाने की अनुमति इस बार नहीं होगी। इसके अलावा सड़क पर लंगर नहीं लगाया जा सकेगा और लंगर संस्थाओं को मंदिर न्यास की ओर दी गई एसओपी का पालन करना होगा।
इसके अलावा 10 हजार धरोहर राशि भी लंगर लगाने के लिए फीस जमा करवानी होगी इसके अलावा न्यास की ओर से गठित कमेटी लंगर स्थल का निरीक्षण कर लंगर लगाने की परमिशन देगी। इसके अलावा उन्होंने बताया कि 200 पुलिस जवान, 200 होमगार्ड के जवान और 50 महिला आरक्षी मेले में व्यवस्था बनाने के लिए तैनात किए जाएंगें। एसडीएम अंब मेला अधिकारी होंगे और डीएसपी अंब वसुधा सूद पुलिस मेला अधिकारी होंगी। मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए सुलभ इंटरनेशनल को अतिरिक्त सफाई कर्मी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
