शिमला,संजु चौधरी(TSN)-अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आज शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया।समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने की।सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिला की उत्कृष्ट व बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं व महिला समुहो को सम्मानित किया गया।
जिला स्तरीय महिला दिवस समारोह में उत्कृष्ट महिलाओं को किया गया सम्मानित
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि महिला दिवस ऐसा अवसर रहता है जहां महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्धियां के लिए प्रोत्साहित व सम्मानित किया जाता है।वहीं अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत बनी महिलाओं की कहानी पेश की जाती है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन जैसी कुरीतियों से लड़ने के लिए भी महिलाओं को आगे आने का आह्वान किया गया है।इस समारोह में महिलाओं को प्रेरित करने के लिए जिला के पंचायतों के लिए प्रेरणा पट्टिका का अनावरण किया गया जिनमें पंचायत की प्रेरणा बनी महिलाओं के नाम लिखे जाएंगे ताकि क्षेत्र की अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिले।
