योगेश शर्मा, सोलन: सोलन शहर के नए बस स्टैंड के पास सड़क पर गिरे तेल पर निजी बस अनियंत्रित हो कर पलट गई। ग़नीमत यह रही कि बस में कोई भी सवारी नहीं थी जिसके वजह से बड़ा हादसा यहां होने से बच गया लेकिन इस हादसे में बस चालक को हल्की चोट आई हैं। जानकारी के तहत एक निजी बस जिसे सोलन से देवठी कून रूट पर नए बस अड्डे से जाना था वह देहुँघाट से बस का काम करवा कर नए बस अड्डे के तरफ आ रही थी। जैसे ही नए बस अड्डे के समीप नमस्तसय होटल के सामने पहुंची तो सड़क पर तेल गिरा होने के कारण अचानक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
हादसा इतना खतरनाक था कि बस विपरीत दिशा में सड़क पर पलटी खा गई।यदि घटना के दौरान बस में सवारी होती तो जानमाल का नुकसान हो सकता था। फिलहाल बस में सिर्फ बस चालक ही मौजूद था जिसे हल्की चोट आई हैं। बस चालक विक्रम सिंह ठाकुर ने बताया कि वह बस का काम करवा देहुँघाट से शहर के नए बस अड्डे की तरफ बस रूट के लिए जा रहा था। बस देवठी से कून की तरफ जानी थी लेकिन जैसे ही बस करीब 4 बजे शहर के नए बस अड्डे के समीप पेट्रोल पंप से आगे नमस्तसय होटल के सामने पहुंची तो सड़क पर तेल गिरा होने के कारण बस ने नियंत्रण खो दिया और बस ने ब्रेक नहीं पकड़ी और सड़क पर विपरीत दिशा में गिर गई।
उन्होंने बताया कि कोई भी मैकेनिकल फॉल्ट बस में नहीं था सिर्फ तेल गिरा होने के कारण बस ने नियंत्रण खो दिया। बता दें कि बीते सप्ताह भी एक हादसा सोलन शहर में शमलेच में पेश आया था जब एक एचआरटीसी बस सड़क से अनियंत्रित होकर पहाड़ी के साथ बने डंगे से जा टकराई थी। उस घटना में तीन से चार सवारियों को गंभीर चोटे आई थी। आज एक बार फिर शहर में बस हादसा पेश आया, लेकिन गनीमत यह रही कि बस में कोई भी सवारी नहीं थी। बता दें कि इस हादसे में बस को काफी ज्यादा नुकसान हुआ हैं।
