अरविंदर सिंह,हमीरपुर : हमीरपुर जिला के सुजानपुर के दूरदराज गांव गंदड़ में रविवार को एक हैरतअंगेज घटना सामने आई हैं। यहां एक साथ तीन रॉक पाइथन सांप पकड़े गए हैं। इन सांपों को पकड़ कर रियायशी क्षेत्र से दूर कहीं सुनसान जगह पर छोड़ा गया हैं।
बता दें कि गंदड़ में ग्रामीणों को बीते लगभग बीस दिनों से आम रास्ते में तीन बड़े-बड़े सांप दिखाई दे रहे थे। लोगों का यह आम रास्ता था। ग्रामीण अक्सर इस रास्ते से आया जाया करते थे। डर का आलम यह था कि लोगों ने उक्त रास्ते की तरफ जाना ही छोड़ दिया था। ग्रामीणों में दहशत का माहौल था क्योंकि सांप इतने बड़े-बडे थे कि किसी को एक बार जकड़ ले तो वह कभी छूट नहीं पाए। ग्रामीणों को सबसे बड़ी चिंता छोटे-छोटे बच्चों की थी। मुख्य रास्ता होने के चलते डर के साए में जैसे-तैसे लोग संभल कर एक साथ आ जा रहे थे।
शनिवार शाम को जैसे ही यह सांप दिखाई दिए तो इसकी सूचना तुरंत ग्रामीण रंजीत सिंह की ओर से स्नेक मैन, स्नेक सेवर से मशहूर आलमपुर निवासी माथुर धीमान को दी गई। माथुर धीमान भी बिना वक्त गवाएं डिप्टी रेंजर मनजीत सिंह राणा के साथ संबंधित जगह पर पहुंचे तो एक जगह पर तीनों यह सांप दिखाई दिए, लेकिन लोगों को देखकर तीनों एक बिल में घुस गए। माथुर धीमान ने पाया कि यह बिना जहरीले रॉक पाइथन प्रजाति के सांप हैं। जो मुख्यता जंगली जानवरों लोमड़ी, बंदर ,कुत्ते आदि को शिकार करते हैं। अपनी मांसपेशियों से जकड़ कर यह अपने शिकार का दम घोंट देते हैं। उसके बाद वह अपने शिकार को जिंदा ही निगल जाते हैं।
उन्होंने बताया कि एक हृष्टपुष्ट आदमी भी इनकी पकड़ में आ जाए तो यह उसका भी शिकार कर सकते हैं। माथुर धीमान ने अपने सहयोगियों की मदद से तीनों रॉक पाइथन को पकड़ा ओर उन्हें रेस्क्यू कर आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि तीनों सांप बेहद बड़े थे, जिनमें से एक 7 फुट, दूसरा 9 फुट जबकि तीसरा सबसे लंबा 13 फुट का था। माथुर धीमान इससे पहले भी सैकड़ों सांप जिनमें से कई बेहद जहरीले थे का रेस्क्यू कर आबादी से दूर जंगलों में छोड़ चुके हैं। इन सांपों को देखने के लिए दूर-दूर से लोग जमा हो रहे थे और हर कोई इन्हें एक साथ देखकर हैरत में था।।
