अरविंदर सिंह, हमीरपुर: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व रघुवीर बाली की ओर से प्रदेश में निकाली जा रही युवा रोजगार संघर्ष यात्रा हमीरपुर पहुंच चुकी है। मंगलवार को हमीरपुर में यह युवा रोज़गार संघर्ष यात्रा निकाली गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव रघुवीर बाली के नेतृत्व में यह यात्रा नादौन से शुरू होकर हमीरपुर पहुंची और फिर सुजानपुर पहुंचेगी। इस यात्रा के दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
इस संघर्ष यात्रा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र जार, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, पूर्व राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिता वर्मा, कांग्रेस संसदीय प्रवक्ता जगजीत ठाकुर , कांग्रेस सोशल मीडिया के चेयरमैन अभिषेक राणा सहित काफी संख्या में कांग्रेस युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस सचिव रघुवीर सिंह बाली ने बताया कि प्रदेश और केंद्र सरकार ने युवाओं को धोखा दिया है । केंद्र सरकार ने दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा किया था। लेकिन हकीकत में युवाओं कोई रोजगार मुहैया नहीं करवाया गया है। वहीं रघुवीर सिंह बाली ने बताया कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है जिसमें केंद्र सरकार की दमनकारी नीतियों के बारे में लोगों को अवगत करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस की ओर से अनेकों काम किए गए हैं जिससे जनता को लाभ मिल रहा है। प्रदेश में शिक्षण संस्थान हो, स्कूलों का विस्तार हो, सड़कों के विस्तार की बात हो हर जगह कांग्रेस ने विकास कार्य करवाए हैं।
