अनिल कुमार,किन्नौर: किन्नौर जिला में मंगलवार सुबह से ही लगातार बारिश का दौर जारी है तो वहीं जिला के ऊंचाई वाले पहाड़ियों पर बर्फबारी के चलते पहाड़ों ने बर्फ की सफ़ेद चादर ओढ़ ली है। निचले क्षेत्रों में बारिश के चलते बागवानों व आम जनमानस की दुश्वारियां बढ़ गई है। पहाडों पर बर्फ व निचले क्षेत्रों मे हो रही बारिश ने जिला में शीत लहर का कहर शुरू कर दिया है।
किन्नौर जिला में अब इतनी ठंड बढ़ गई है कि लोगों को गर्म वस्त्र पहनने पड़ रहे है। वहीं बाहरी राज्यों से जिला घूमने आने वाले सभी पर्यटकों को भी डीसी किन्नौर ने खराब मौसम के दौरान ऐतिहात बरतने की सलाह दी है। वहीं प्रशासन की ओर से डीसी किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि जिला में अगले दो दिनोंतक भारी बारिश व बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है और लोगों को बिना वजह सफर करने से भी सख्त मनाही की है ताकि किसी के जानमाल का नुकसान न हो।
जिला किन्नौर में सुबह से लगातार बारिश के चलते किसी भी क्षेत्र में बाढ़ आने की सुचना प्राप्त नहीं हुई है। वहीं जिला में नदी नालों का जलस्तर भी बारिश के चलते अचानक बढ़ा है। ऐसे में प्रशासन ने लोगो को नदी नालों समीप जाने पर भी प्रतिबंध लगाया है।
