Una, Rakesh –रविवार को ऊना के एक निजी होटल में हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ के चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी न्यायधीश सुरेंद्र सिंह ठाकुर, चुनाव पर्यवेक्षक कुश्ती संघ इंडिया के कोषाध्यक्ष डॉ. एसपी देसवाल और युवा सेवा खेल विभाग से प्रिंस पठानिया की देखरेख में प्रक्रिया पूरी की गई। प्रदेश भर से आए प्रतिनिधियों और सदस्यों ने सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों का चयन किया।
इस चुनाव में ऊना जिले से संबंध रखने वाले राजेंद्र ठाकुर उर्फ डिपंल को हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुना गया। वहीं अमर दीप सिंह रानौत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए जगदीश, गियान चंद, विवेक गौतम और अमरीश सिंधु का चयन किया गया। नरदेव को महासचिव, अनूप कुमार को कोषाध्यक्ष, चंदर मोहन और रमेश चंद को संयुक्त सचिव तथा मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी ओंकार कपिला और सुरेंद्र राणा को सौंपी गई। संघ के कार्यकारी सदस्य के रूप में चरण दास, विजय ठाकुर, सुरेंद्र, पंकज शर्मा और रंदीप सिंह पठानिया शामिल किए गए।
नवनियुक्त अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर (डिपंल) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से हिमाचल प्रदेश कुश्ती संघ नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि संघ की गतिविधियों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोपरि रहेगी और खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।राजेंद्र ठाकुर ने संकल्प लिया कि आने वाले समय में प्रदेश में कुश्ती को नई पहचान दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कुश्ती केवल खेल नहीं बल्कि हमारी संस्कृति और परंपरा से जुड़ा गौरवशाली हिस्सा है। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर नई प्रतिभाओं को सामने लाया जाएगा। अध्यक्ष ने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता रहेगी कि सभी सदस्य एकजुट होकर काम करें ताकि हिमाचल के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ सकें।
