संजीव महाजन,नूरपूर: ज्वाली में मंगलवार को जिला प्रशासन ने रेड क्रॉस सोसायटी के सौजन्य से एकीकृत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इस मौके पर स्वास्थ्य ओर आयुष विभाग ने 400 लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ निःशुल्क दवाईयां दी गईं। इस शिविर का शुभारंभ कृषि ओर पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी का समाज में पीड़ित मानवता की सेवा में हमेशा योगदान रहता हैं। जरूरत और आपात स्थिति में मानवता की सेवा के लिए इसे उम्मीद और आशा की किरण के तौर पर पहचाना जाता हैं। चंद्र कुमार ने कहा कि कठिन समय में जब भी पीड़ित मानवता को सहायता की जरूरत होती हैं तो रेडक्रॉस सोसायटी उनके लिए एक सहारा बनकर खड़ी रहती हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और सहयोग हमारी विरासत का हिस्सा है और हमारे संस्कार का महत्वपूर्ण अंग हैं।
उन्होंने लोगों से पीड़ित मानवता की सेवा व सहयोग के लिए रेडक्रॉस की गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार लोगों को घरद्वार के नजदीक आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है ताकि उन्हें बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने लोगों से खेतीबाड़ी ओर पशुपालन व्यवसाय से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि इन व्यवसायों से विमुख होने के कारण जहां हमारी दूसरे लोगों पर निर्भरता बढ़ रही है वहीं सेहत पर भी बुरा असर पड़ रहा हैं।
सर गंगा राम अस्पताल, दिल्ली के विख्यात चिकित्सा विशेषज्ञ प्रोफेसर (कर्नल) सुरेन्द्र कुमार ने भी लोगों को शुगर ओर अन्य बीमारियों बारे महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपने खानपान का ध्यान रखने के साथ नियमित चेकअप एवं व्यायाम का भी परामर्श दिया। इस मौके पर एडीसी सौरव जस्सल ने भी अपने विचार व्यक्त किए ओर रेड क्रॉस सोसायटी की ओर से समाज कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों बारे जानकारी दी।
इस दौरान कृषि मंत्री ने स्वास्थ्य ओर आयुष विभाग, सामाजिक कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ज़िला पुनर्वास केंद्र की ओर से विभागीय योजनाओं बारे लगाए गए स्टॉल सहित ओपीड़ी स्टॉल का भी अवलोकन किया। इस मौके पर रक्तदान शिविर के साथ-साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओर से सभी बीमारियों की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए रक्तदान शिविर में 52 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
