मंजूर पठान,चंबा (TSN) : चंबा जिला के मणिमहेश में चलने वाली मणिमहेश यात्रा को लेकर पंजीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली हैं। सितंबर के महीने में शुरू होने वाली इस यात्रा को लेकर लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में पंजीकरण के लिए प्रशासन की ओर से चंबा जिला के प्रवेश द्वार तुन्नू हट्टी में पहला पंजीकरण केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसको लेकर डलहौजी प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
बता दे कि जितने भी श्रद्धालु देश के अलग-अलग राज्यों से आएंगे उनकी सबसे पहले तुन्नहट्टी पंजीकरण केंद्र पर पंजीकरण होगा। उसके बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति होगी। पंजीकरण इसलिए किया जाता है कि ताकि यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का पूरा ब्यौरा प्रशासन के पास उपलब्ध हो। अधिकतर श्रद्धालु पंजाब,हरियाणा, दिल्ली और देश के बड़े-बड़े राज्यों से यहां आते हैं और इस पवित्र मणिमहेश यात्रा को पूरा करते हैं इसके अलावा कई श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर भी मणिमहेश पहुंचते हैं।
डलहौजी के एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया की मणिमहेश यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से तैयार हैं। मणिमहेश यात्रा को लेकर तुन्नूहट्टी में पंजीकरण केंद्र स्थापित होगा ताकि जितने भी श्रद्धालु आए उनका विवरण मौजूद रहे ,हालांकि इसके अलावा चंबा में भी पंजीकरण केंद्र जिला प्रशासन स्थापित करेगा ।
