शिमला: पहाड़ों पर सैर करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। देवभूमि में शिमला और दिल्ली के बीच 26 सितंबर से अब हवाई उड़ानें शुरू होंगी। बता दें कि 6 सितंबर से पहले शिमला-दिल्ली के बीच हवाई उड़ानें शुरू करने की योजना थी। अब 26 सितंबर के लिए इसे शेड्यूल किया गया है। पर्यटन विभाग, एलाइंस एयरवेज और जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डा प्रबंधन ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से एटीआर 42 की पहली फ्लाइट में शिमला आने के लिए देरी हो सकती है। दरअसल हिमाचल में बारिश का दौर जारी है। अगर ऐसे ही चलता रहा शिमला से कुल्लू और धर्मशाला के बीच अक्तूबर से भी उड़ानें शुरू हो सकती है। अभी 26 सितंबर की तारीख प्रस्तावित की गई है। वहीं दूसरी ओर एलाइंस एयरवेज ने इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी है।
दिल्ली से सुबह 7:10 पर फ्लाइट उड़ेगी और 8:20 पर शिमला पहुंचेगी। एक घंटा दस मिनट के इस सफर के लिए 2,141 रुपए प्रति व्यक्ति किराया लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर शिमला से सुबह 8:50 बजे हवाई जहाज उड़ान भरेगा और दिल्ली में 10:00 बजे पहुंचेगा।
