मनमिन्दर अरोड़ा (कुल्लू): जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के मलाणा की पहाड़ियों पर लापता हुए पश्चिम बंगाल के चारों ट्रैकरों को रेस्क्यू टीम ने सकुशल रेस्क्यू कर लिया है और अब सभी पर्यटकों को मलाणा गांव पहुंचा दिया गया है। वहीं जिला प्रशासन के द्वारा एयर फोर्स के दो चौपर को भी एयरलिफ्ट करने के लिए भेजा गया था। लेकिन वह एअरलिफ्ट नहीं कर पाए। इसके बावजूद कुल्लू प्रशासन के द्वारा भेजी गई रेस्क्यू टीम ने पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया है। एसपी कुल्लू गुरुदेव शर्मा ने बताया कि 8 सितंबर को जिला प्रशासन व पुलिस को सूचना मिली थी कि अली रतनी टिब्बा चोटी को निकले पश्चिम बंगाल के 4 पर्यटक लापता हो गए हैं।
ऐसे में 9 सितंबर को अटल बिहारी वाजपेई पर्वतारोहण संस्थान व स्थानीय रेस्क्यू टीम तथा पुलिस के जवान लापता ट्रैकरों की तलाश में निकले थे और अब सभी ट्रैकरों को रेस्क्यू कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि चारों ट्रैकर बिना सूचना के ट्रैकिंग पर निकल गए थे। जिसके चलते उन्हें रेस्क्यू करने में अभी प्रशासन को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ऐसे में उन्होंने जिला
कुल्लू के ट्रैकिंग रूट पर जाने वाले पर्यटकों से आग्रह किया है कि वह ट्रैकिंग रूट पर निकले तो इस बारे में पुलिस चौकी को अवश्य सूचित करें। वही, डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि पर्यटकों के साथ गए अन्य लोगों ने सारे स्थानीय लोगों व कुल्लू प्रशासन को सूचित किया था और सर्च ऑपरेशन के लिए एयरपोर्ट के 2 चॉपर भी बुलाए गए थे। एयर फोर्स की टीम ने भी बेस कैंप में पर्यटकों से संपर्क किया था। लेकिन विपरीत परिस्थितियों के कारण इन्हें एयर लिफ्ट नहीं किया जा सका। लेकिन रेस्क्यू टीम के द्वारा सभी ट्रैकरों को सकुशल कर लिया गया है।
