ऊना,राकेश(TSN)-राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल कुमार खाची ने वर्ष 2025-26 में प्रस्तावित पंचायती राज संस्थानों और शहरी निकायों के चुनावों की प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को ऊना के जिला परिषद बैठक कक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की।राज्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनावी प्रक्रिया के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन के लिए पूर्व योजना और समुचित तैयारी को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में हार-जीत का अंतर अक्सर बहुत कम होता है,जिससे जनता की इस पर विशेष नजर रहती है।ऐसे में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चुनावी प्रक्रिया एवं अपने दायित्वों की पूरी जानकारी होनी चाहिए,ताकि किसी प्रकार की समस्या ना आए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल कुमार खाची ने दिए ये निर्देश
राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल कुमार खाची ने अधिकारियों को चुनावी अधिनियम,नियमों और निर्वाचन आयोग की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी चुनावी प्रक्रिया से संबंधित किसी भी शंका का समय रहते स्पष्टीकरण प्राप्त कर लें,जिससे चुनावों का सुचारू निष्पादन सुनिश्चित हो सके।राज्य निर्वाचन आयोग इसमें हर तरह से मदद के लिए तत्पर है।उन्होंने अधिकारियों को चुनावों को लेकर मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया को पूरी सतर्कता और सावधानी से संपन्न कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही,चुनावी प्रक्रिया की रिकॉर्ड-कीपिंग,रजिस्टरों के रखरखाव एवं समय पर प्रविष्टियों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया।उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा आगे सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए समुचित प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। बैठक के अंत आयोजित शंका समाधान सत्र में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने प्रतिभागियों के चुनाव प्रक्रिया से जुड़े प्रश्नों जिज्ञासाओं का समाधान किया।
