कुल्लू : मनमिंन्द्र अरोड़ा – कुल्लू के ढालपुर में राज्य स्तरीय पीपल जातर मेले का रविवार रात को समापन हो गया है। इस तीन दिवसीय मेले में स्प्रिंग क्वीन प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र बनी रही। इस प्रतियोगिता में संयोगिता ने स्प्रिंग क्वीन-2023 का खिताब जीता है।
रविवार देर रात को आयोजित तीसरी व अंतिम सांस्कृतिक संध्या में स्प्रिंग क्वीन को चुना गया और संयोगिता ने यह खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में अलीशा को फर्स्ट रनरअप और अदिति को सेकंड रनर अप चुना गया। ओवरऑल पर्सनैलिटी जेसमीन, ब्यूटीफुल स्माइल का खिताब बबीता को, ब्यूटीफुल हेयर का खिताब टीना को मिला। पहले स्थान पर रहने वाली विजेता को 31,000, दूसरे स्थान पर रही प्रतिभागी को 21,000और तीसरे स्थान हासिल करने वाली को 11,000 रुपये पुरस्कार दिया गया। इस प्रतियोगिता में सभी 15 प्रतिभागी सुंदरियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। सुंदरियों के बीच शुरू हुआ यह मुकाबला कई चरणों के बाद अंतिम पड़ाव में पहुंचा, जिसमें ग्रैंड फिनाले के लिए महज आठ सुंदरियों का चयन किया गया। रात करीब दस बजे स्प्रिंग क्वीन की विजेता चुनी गई। तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी।इससे पहले हुए राउंड में स्प्रिंग क्वीन के लिए सुंदरियों से सवाल भी पूछे गए। सुंदरियों ने ज्यूरी को प्रभावित करने में अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी।
