राकेश, ऊना: प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा अलग-अलग मोर्चों के सम्मेलन आयोजित कर जनता को जोड़ने का काम कर रही है।पहले जहां भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश भर में सम्मेलन कर महिलाओं को अपने साथ जोड़ने का काम कर रही है तो वहीं अब अनुसूचित जाति मोर्चा भी भाजपा की जीत को सुनिश्चित करने के लिए चुनावी मैदान में उतर रहा है।
बीजेपी के मिशन रिपीट को पूरा करने के लिए हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में 18 सितंबर को अनुसूचित जाति मोर्चा का एक महासम्मेलन होने जा रहा है।। इस सम्मेलन में केंद्रीय नेतृत्व के बड़े नेता और हिमाचल प्रदेश से भी कई बड़े नेता शिरकत करेंगे। अनुसूचित जाति मोर्चा का यह सम्मेलन ऊना के मैहतपुर बसदेहड़ा में होगा। इस सम्मेलन में हजारों की तादाद में अनुसूचित जाति के सदस्यों का आना तय माना जा रहा है जिसको लेकर अनुसूचित जाति मोर्चा गांव- गांव जाकर लोगों को जागरूक कर इस सम्मेलन में आने का निमंत्रण दे रहा है।
अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सूरम सिंह ने ऊना में आयोजित प्रेस वार्ता में इस महासम्मेलन की जानकारी देते हुए कहा की बीजेपी ने हिमाचल प्रदेश में इस बार मिशन रिपीट का नारा दिया है और मिशन रिपीट के नारे को सफल बनाने के लिए पार्टी अलग-अलग मोर्चा का सम्मेलन करवा रही है। उसी कड़ी में अनुसूचित जाति मोर्चा का सम्मेलन भी करवाया जा रहा है, जिसमें भारी संख्या में लोग आएंगे।
उन्होंने कहा कि इस बार के विधानसभा चुनावों में अनुसूचित जाति मोर्चा अपना एक अहम रोल अदा कर ऊना जिला की 5 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगा और ऊना से पांचों विधायक जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचकर प्रदेश का नेतृत्व करेंगे। वहीं मडिया के सवाल पर उन्होंने बीजेपी पार्टी में किसी भी प्रकार की गुटबाजी होने से साफ इंकार कर पार्टी के एक जुट होने की बात कही।
