Shimla, Sanju-राजधानी शिमला में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी एक बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। परिवहन विभाग ने बिना परमिट और फिटनेस के बच्चों को ले जा रही स्कूल वैनों पर सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) अनिल शर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में तीन गाड़ियों को मौके पर पकड़ा गया और उनका चालान काटा गया।
तीन वैन पकड़ी गईं बिना दस्तावेज़ के
आरटीओ अनिल शर्मा ने जानकारी दी कि उन्हें चार गाड़ियों की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान पाया गया कि तीन वैन लंबे समय से बिना वैध परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट और सुरक्षा मानकों का पालन किए बच्चों को स्कूल ले जा रही थीं।उन्होंने बताया कि ये वाहन नियमित निरीक्षण से भी नहीं गुज़रे थे और सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतज़ाम जैसे फर्स्ट एड किट, फायर एक्सटिंग्विशर या इमरजेंसी गेट भी नहीं थे।
अभिभावकों से की अपील
आरटीओ ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने से पहले उस वाहन के कागज़ात अवश्य जांच लें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में इस तरह की औचक निरीक्षण कार्रवाई जारी रहेगी।
