Shimla,27 April (TSN)-मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) में एनडीआरएफ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय एसडीआरएफ-सीएसआरआर प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से अत्यधिक संवेदनशील राज्य है और ऐसी परिस्थितियों में एसडीआरएफ का योगदान अमूल्य है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बल को अत्याधुनिक उपकरणों और नवीनतम तकनीकों से सुसज्जित करने के लिए प्रतिबद्ध है,ताकि आपदा प्रबंधन कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।मुख्यमंत्री ने गृह विभाग को एसडीआरएफ के साथ एक विशेष डॉग स्क्वायड स्थापित करने के निर्देश भी दिए हैं।इसके अलावा, उन्होंने 700 होमगार्ड जवानों की तत्काल भर्ती शुरू करने के आदेश दिए, ताकि बल की जनशक्ति को और सुदृढ़ किया जा सके।
इस अवसर पर एडीजीपी होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा सतवंत अटवाल ने एसडीआरएफ के लिए 12 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान इन नए उपकरणों का भी प्रदर्शन किया गया,जिसने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।विजेता टीम में शिमला,मंडी और कांगड़ा से आए 18 सदस्य शामिल थे,जिन्होंने पहले उत्तरी क्षेत्रीय प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त किया और फिर राष्ट्रीय स्तर पर सात राज्यों की टीमों को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया।
