Sirmour,27 April (TSN) –नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने सिरमौर दौरे के दौरान प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने बीते दो वर्षों में 2000 से अधिक स्कूल बंद कर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया है,जिससे हजारों बच्चों का भविष्य संकट में आ गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने नई शिक्षा नीति का बहाना बनाकर पहली कक्षा में प्रवेश की आयु बढ़ाई,जिससे नामांकन में गिरावट आई और इसके चलते सैकड़ों स्कूलों को मिड-सेशन में बंद कर दिया गया। उन्होंने इसे बच्चों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया।उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार शिक्षा के मंदिरों पर ताले लगा रही है, वहीं दूसरी ओर शराब के ठेकों के नए लाइसेंस जारी कर सामाजिक ढांचे को कमजोर करने का काम कर रही है। साथ ही, जय राम ठाकुर ने सरकार पर तानाशाही रवैये का आरोप भी लगाया, जिसमें प्रदर्शन करने वालों को धमकियां दी जा रही हैं।
खेल आयोजनों को लेकर भी उन्होंने सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस साल के शैक्षणिक कैलेंडर से स्टेट और जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं हटा दी गई हैं और पिछले वर्ष के इनाम वितरण भी अब तक लंबित हैं।जयराम ठाकुर ने प्राथमिक शिक्षकों के प्रमोशन व तबादले के अधिकार छीने जाने,हजारों पद खाली छोड़ने और प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय को बंद करने जैसे फैसलों को भी शिक्षा के लिए घातक बताया।उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जहां दुनिया के नेता विकास कार्यों के लिए याद किए जाते हैं, वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को संस्थानों को बंद करने और सुविधाओं को समाप्त करने के लिए याद किया जाएगा।
