नाहन/देवेन्द्र कुमार: लोकतंत्र के पर्व मतदान को लेकर कल हिमाचल प्रदेश में जनता अपना मत देगी। इसके लिए सिरमौर जिला में तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई। चुनाव आयोग के निर्देशों पर यहां धारा 144 भी लागू की गई है। धारा 144 लगने के बाद 5 से ज्यादा लोग एक स्थान पर एकत्रित नहीं हो पाएंगे। हालांकि डोर टू डोर प्रचार को इसमें चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक छूट रहेगी।

16 मतदान केंद्रों पर सिर्फ महिला कर्मचारी देगी सेवाएं
जिला निर्वाचन अधिकारी राम कमार गौतम ने बताया कि अंतिम दिन मतदान केंद्रों के लिए 178 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई है और देर शाम तक सभी 563 बूथों पर मतदान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली जाएगी। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला में 270 कर्मचारियों को चुनावी ड्यूटी में लगाया गया है। इसके अतिरिक्त सुरक्षा जवानों की भी तैनाती की गई है ताकि निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न करवाए जा सकें। उन्होंने कहा कि जिला में 16 मतदान केंद्रों पर सिर्फ महिला कर्मचारी अपनी सेवाएं देंगी। इसके साथ ही जिला में 10 मॉडल पोलिंग स्टेशन भी बनाए गए हैं, जहां कई सुविधाएं मतदाताओं के लिए उपलब्ध रहेगी।
एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल पर रोक
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार सभी शराब ठेकों को बंद करने के निर्देश जारी किए गए है। उन्होंने यह भी कहा कि एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल पर भी चुनाव आयोग के निर्देशानुसार रोक लगाई गई है। 5 दिसंबर तक किसी भी तरीके का एग्जिट पोल कोई चैनल प्रसारित नहीं कर पाएगा।
